Jagdalpur, Bastar, Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026 - कोयतुरीय विश्लेषण

छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026 – कोयतुरीय विश्लेषण।

छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026 - कोयतुरीय विश्लेषण - जानें कैसे यह नया कानून कोयतुर पुरखा शक्तियों, रूढ़िगत परंपराओं और 'धर्मपूर्वी' पहचान की रक्षा करेगा।

Table of Contents

छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026 - कोयतुरीय विश्लेषण।

हम आदिम हैं। हम इस धरती के प्रथम संतान हैं। हम ‘धर्म’ शब्द के ईजाद होने से पहले से इस मिट्टी, इन पहाड़ों और इन जंगलों के साथ एकाकार हैं। हम इस धरती के आदिम वारिस हैं, हम ‘धर्मपूर्वी’ हैं। जब दुनिया में ‘मजहब’ या ‘रिलीजन’ जैसे शब्द पैदा भी नहीं हुए थे, तब से हम प्रकृति के साथ एकाकार होकर जी रहे हैं। हमारे लिए हमारा ‘पेन-ठाना’, हमारी ‘गोटुल’ परंपरा और हमारी ‘रूढ़ि’ ही हमारा सर्वस्व है। आज आप सभी के बीच एक ऐसी गंभीर बात लेकर आया हूँ, जो हमारी आने वाली पीढ़ियों, हमारी ‘पुरखा’ व्यवस्था और हमारी ‘कोयतुर’ अस्मिता को सीधे प्रभावित करने वाली है।

हाल ही में छत्तीसगढ़ विधानमंडल द्वारा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक, 2026 लाया गया हैइस कानून को ऊपरी तौर पर देखने से लगता है कि यह केवल जबरन धर्मांतरण रोकने के लिए है, लेकिन जब हम इसे अपनी आदिवासी आंखों से पढ़ते हैं, तो हमें समझ आता है कि यह हमारी संस्कृति को निगलने की कोशिश करने वाले बाहरी तत्वों / अन्य संगठित धर्मों के खिलाफ एक बहुत बड़ा हथियार  है यह विधेयक 1968 के पुराने कानून की जगह लेगा और इसमें सजा से लेकर परिभाषाओं तक सब कुछ इतना कड़ा कर दिया गया है कि अब कोई भी बाहरी ताक़त हमारी मासूमियत और हमारी गरीबी का फायदा उठाकर हमारी पुरखौती पहचान को बदल नहीं पाएगी

एक आदिवासी लेखक के नाते मेरा यह दायित्व है कि मैं इसकी परतों को उधेड़कर यह देखूँ कि क्या यह कानून वास्तव में हमारी आदिम संस्कृति को निगलने वाले अजगरों पर लगाम कसेगा या यह हमें किसी खास सांचे में ढालने का नया औजार बनेगा। इस विधेयक की मुख्य धाराओं विश्लेषण कर समझने की कोशिश करते हैं –

विधेयक की धारा 2 (क)

इस कानून में ‘प्रलोभन’ और ‘महिमामंडन’ को लेकर जो बातें कही गई हैं, वे हमारे अस्तित्व के लिए बहुत जरूरी हैं अक्सर अन्य संगठित धर्म के लोग हमारे गांवों में आते हैं और अपनी संस्कृति को ‘महान’ बताते हुए हमारी पुरखा व्यवस्था को ‘अंधविश्वास’ या ‘पिछड़ा’ साबित करने की कोशिश करते हैं विधेयक की धारा 2 (क) के अनुसार, किसी भी धर्म के रीति-रिवाजों को अन्य धर्मों या परंपराओं के संबंध में ‘हानिकारक तरीके’ से पेश करना या एक धर्म का दूसरे धर्म के विरुद्ध ‘महिमामंडन’ करना अब अपराध है यदि कोई अन्य संगठित धर्म का प्रचारक हमारी बस्तियों में आकर यह कहता है कि हमारी पेन-शक्तियां या हमारी बलि प्रथा गलत है और उनका धर्म ही श्रेष्ठ है, तो वह ‘प्रलोभन’ और ‘अवैध प्रभाव’ की श्रेणी में आता है कानून हमें अधिकार देता है कि हम अपनी ‘धर्मपूर्वी’ पहचान पर गर्व करें और किसी भी ऐसे बाहरी दबाव का विरोध करें जो हमें हमारी जड़ों से काटकर किसी संगठित धर्म की मुख्यधारा में विलीन करना चाहता है । 

धारा 2 (घ)

इस विधेयक की धारा 2 (घ) को हमें बहुत गौर से समझना होगा क्योंकि यही हमारी सबसे बड़ी ढाल है इस कानून में ‘धर्मांतरण’ का मतलब सिर्फ यह नहीं है कि आपने मंदिर में पूजा करना या चर्च जाना शुरू कर दिया या मस्जिद में नमाज पढ़ ली, बल्कि इसमें स्पष्ट लिखा है कि यदि कोई व्यक्ति अपनी ‘स्थानीय पारंपरिक प्रथाओं’ को छोड़ देता है, तो वह भी धर्मांतरण की श्रेणी में आएगा इसका सीधा मतलब यह है कि हमारी जो जन्म से लेकर मृत्यु तक की रूढ़िगत परंपराएं हैं, जो शादियों में ‘पेन-पुरखों की सेवा और पुरखों को याद करने के हमारे अपने तरीके हैं, उन्हें छोड़कर यदि हम किसी अन्य संगठित धर्म के तौर-तरीकों) को अपनाते हैं, तो कानूनन उसे ‘धर्मांतरण’ माना जाएगा इतना ही नहीं, यह कानून उन लोगों पर भी लगाम लगाता है जो हमारे बीच आकर यह कहते हैं कि “तुम तो हिंदू ही हो” या “तुम्हारे देवता भी हमारे ही देवताओं के रूप हैं” या ईश्वर/खुदा ही सब है, धारा 2 की उप-धारा (घ) (चार) साफ कहती है कि यदि कोई अपनी पारंपरिक मान्यताओं का पालन बंद कर किसी पराये विश्वास को मानता है और साथ ही यह दावा करता है कि वह ‘गैर-धर्मांतरित’ है, तो वह भी इस कानून के दायरे में अवैध माना जाएगा । यह उन लोगों के लिए कड़ा संदेश है जो हमारी आदिवासी पहचान को किसी अन्य धर्म के साथ जोड़कर हमें भ्रमित करते हैं।

'प्रत्यावर्तन' या अपनी जड़ों की ओर लौटना-

इस विधेयक में ‘प्रत्यावर्तन’ या अपनी जड़ों की ओर लौटने को लेकर एक बहुत ही विशेष बात कही गई है, जिसे हमें अपनी आदिवासी विचारधारा से जोड़कर देखना होगा विधेयक के स्पष्टीकरण में कहा गया है कि यदि कोई व्यक्ति अपने ‘पैतृक धर्म या आस्था’ में वापस आता है, तो उसे धर्मांतरण नहीं माना जाएगा हमारे लिए हमारा पैतृक धर्म क्या है? हमारा पैतृक धर्म है हमारी कोया संस्कृति, ‘गोंडवाना’ रूढ़ि, हमारे ‘पेन-ठाना’ और हमारी प्रकृति पूजा । यदि कोई हमें हिंदू या ईसाई बनाकर उसे ‘वापसी’ कहता है, तो हमें सतर्क रहना होगा; क्योंकि हमारी वास्तविक वापसी तो हमारी अपनी मूल कोयतुर पहचान में है यह कानून हमें अपनी मौलिक संस्कृति की ओर लौटने का पूरा हक देता है और इसके लिए हमें किसी जटिल कानूनी प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नहीं है । हमें बस यह सुनिश्चित करना है कि हम अपनी ‘रूढ़ि’ को पहचानें और अन्य संगठित धर्मों  के संक्रमण से अपनी आने वाली पीढ़ी को बचाएं।

अपराध और दंड-

एक और महत्वपूर्ण बात जो हमें समझनी चाहिए, वह है इस कानून के तहत मिलने वाली कड़ी सजा, खासकर जब मामला हम अनुसूचित जनजातियों (ST) से जुड़ा हो इस विधेयक में यह माना गया है कि आदिवासियों की संस्कृति का क्षरण एक गंभीर अपराध है इसलिए, धारा 16 के तहत यदि कोई किसी आदिवासी भाई या बहन का अवैध धर्मांतरण करता है, तो उसे कम से कम 10 वर्ष और अधिकतम 20 वर्ष तक की जेल हो सकती है साथ ही, उस पर कम से कम 10 लाख रुपये का भारी जुर्माना भी लगेगा यदि पूरे गांव या समूह को गुमराह करके सामूहिक धर्मांतरण (Mass Conversion) करने की कोशिश की गई, तो सजा ‘आजीवन कारावास’ तक हो सकती है, जिसका मतलब उस अपराधी का पूरा जीवन जेल में कटेगा इसके अलावा, न्यायालय अपराधी पर जुर्माना लगाकर वह राशि पीड़ित आदिवासी को ‘प्रतिकर’ या मुआवजे के रूप में देने का निर्देश भी दे सकता है यह कानून हमें वह सुरक्षा देता है कि अब कोई भी बाहरी संस्था विदेशी धन या प्रलोभन के दम पर हमारे समाज की एकता को नहीं तोड़ पाएगी

अंत में, मैं यही कहूँगा कि यह विधेयक हमारी ‘सांस्कृतिक संप्रभुता’ का एक नया अध्याय हो सकता है, बशर्ते हम जागरूक रहें इस कानून ने अब हर धर्मांतरण की कोशिश को जिला मजिस्ट्रेट के सामने सार्वजनिक कर दिया है, जिससे अब छिपकर हमारी बस्तियों में कुछ नहीं हो पाएगा हमारी ग्राम सभाओं और समाज के मुखियाओं को अब इस शक्ति का उपयोग करना होगा कि कोई भी बाहरी विचारधारा हमारी ‘पेन-व्यवस्था को ‘संक्रमित’ न करे हमें यह समझना होगा कि हम अन्य किसी भी धर्म के नहीं हैं, हम ‘आदिवासी’ हैं, हम धर्मपुर्वी हैं और हमारी परंपरा ही हमारा सबसे बड़ा गौरव है यदि कोई हमारे अधिकारों या हमारी संस्कृति पर प्रहार करता है, तो यह विधेयक हमें वह कानूनी ताकत देता है कि हम अपनी पुरखौती विरासत को सीना तानकर बचा सकें

!!सेवा जोहार!!

⚠️ महत्वपूर्ण डिस्क्लेमर (अस्वीकरण)

“यह विश्लेषण पूरी तरह से छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक, 2026 के कानूनी मसौदे और आदिवासी रूढ़िगत परंपराओं के संरक्षण पर आधारित है इसका उद्देश्य किसी भी धर्म (हिंदू, मुस्लिम, ईसाई या अन्य) की मूल आस्थाओं या अनुयायियों की भावनाओं को ठेस पहुँचाना नहीं है यह लेख केवल जनजातीय समाज की ‘धर्मपूर्वी’ पहचान और उनकी ‘पेन-कुंडा’ (पुरखा शक्तियों) की रक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एक कोयतुरीय दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है किसी भी कानूनी व्याख्या के लिए कृपया आधिकारिक राजपत्र का अवलोकन करें ।”

आधिकारिक राजपत्र का अवलोकन करें

छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026

!! SHARE THIS TO YOUR LOVED ONES !!

!! आपके विचार, सुझाव, प्रशंसा सादर आमंत्रित हैं !!

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बस्तरिया बाबू

बस्तरिया बाबू

बस्तर की जनजातीय संस्कृति, इतिहास और सामाजिक जीवन पर लिखने वाले स्वतंत्र लेखक। उनके लेख बस्तर के आदिवासी समाज की परंपराओं, पेन-परब संस्कृति, लोकजीवन और समकालीन मुद्दों को समझने का प्रयास करते हैं।

🌐 bastariyababu.in